राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

उत्तराखण्ड

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून 2026 को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी तथा 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के उपरांत दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को सभी संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाओं को त्रुटिरहित एवं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:  देहरादून में दशहरा पर्व के अवसर पर यातायात /डायवर्ट प्लान

जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति निकेतन में विद्युत, पेयजल, संचार नेटवर्क तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को कंटीजेंसी प्लान के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित भ्रमण मार्ग पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने, यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने तथा संबंधित स्थलों पर व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:  धामी सरकार का स्वास्थ्य शिक्षा पर बड़ा फोकस, सेलाकुई विश्वविद्यालय को ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं की सौगात

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि माननीय राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर चूक अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकरी (वि.रा) केके मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं प्रोटोकॉल से जुड़े समस्त अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें:  विधानसभा चुनाव-2027ः देहरादून में 23 अक्टूबर से ईवीएम की तकनीकी जांच, डीएम ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *